शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पीएम मोदी को हत्या की ऑनलाइन धमकी

C

CG Khabar

04 जुल. 2026, 06:42 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

पीएम मोदी
पीएम मोदी

नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी ऑस्ट्रेलिया यात्रा से ठीक पहले एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है. पीएम मोदी की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऑनलाइन धमकी दी गई है, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई अधिकारी हरकत में आ गए हैं और मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है.


'द ऑस्ट्रेलिया टुडे' की रिपोर्ट के अनुसार, यह धमकी 'मेलबर्न मीट्स मोदी' कार्यक्रम की घोषणा करने वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में दी गई है. यह भव्य कार्यक्रम 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित होने वाला है. 

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, 'अबू मुस्तफा' नाम के एक यूजर ने इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, "कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद ही रहनी चाहिए, वरना वह अपनी मौत के लिए ऑस्ट्रेलिया आ रहे हैं."


इस खौफनाक टिप्पणी के सामने आते ही ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. मामले से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जांचकर्ताओं ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उस आईपी एड्रेस को ट्रेस कर लिया है, जहां से यह पोस्ट किया गया था. 


फिलहाल अधिकारी इस पूरे प्रकरण की समीक्षा कर रहे हैं और इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ किन आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए.


धमकी का यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब पीएम मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के अहम दौरे पर जाने वाले हैं. इस दौरान वे द्विपक्षीय बैठकों के साथ-साथ मेलबर्न में आयोजित होने वाले ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.


इससे पहले, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने पीएम मोदी की इस यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया. अपने बयान में उन्होंने कहा कि वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए मेलबर्न में पीएम मोदी की मेजबानी करना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है. 


ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूती मिलेगी.


बयान में इस बात पर भी जोर दिया गया कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, जो उसे ऑस्ट्रेलिया का एक बेहद महत्वपूर्ण आर्थिक भागीदार बनाता है. 


दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जिसका सीधा लाभ दोनों राष्ट्रों को मिल रहा है. ज्ञात हो कि इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात पिछले साल जोहान्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के मौके पर हुई थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP