सिस्टम सेट होते ही बुजुर्ग रिटायर हों, युवा संभालें मोर्चा: गडकरी
नागपुर । डेस्क: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को एक महत्वपूर्ण विचार साझा करते हुए कहा कि जब कोई व्यवस्था सुचारू रूप से चलने लगे, तो पुरानी पीढ़ी को पीछे हटकर नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंप देनी चाहिए. नागपुर में 'एडवांटेज विदर्भ-खासदार औद्योगिक महोत्सव' के संबंध में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने संगठन और नेतृत्व में बदलाव की वकालत की.
उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (AID) के अध्यक्ष आशीष काले ने इस पहल में युवा पीढ़ी को शामिल किया है.
नितिन गडकरी ने कहा कि अब धीरे-धीरे पीढ़ी परिवर्तन होना चाहिए और जब गाड़ी सुचारू रूप से दौड़ने लगे, तो हमें सेवानिवृत्त होकर अन्य कार्यों में मन लगाना चाहिए.
विदर्भ क्षेत्र को भारत के औद्योगिक मानचित्र पर एक मजबूत विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से 'एडवांटेज विदर्भ एक्सपो' का तीसरा संस्करण 6 से 8 फरवरी तक नागपुर में आयोजित किया जाएगा. इस तीन दिवसीय आयोजन में कपड़ा, प्लास्टिक, खनिज, विमानन, आईटी, रक्षा और स्टार्टअप जैसे विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग हिस्सा लेंगे.
एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के मुख्य संरक्षक नितिन गडकरी ने क्षेत्र के विकास के लिए कृषि, सेवा क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र के तालमेल पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि विदर्भ में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उद्यमी मौजूद हैं और यह एक्सपो उनकी क्षमता को प्रदर्शित करने का एक बड़ा मंच साबित होगा.