पेड़ से टकराई ओमनी: अकेले घर लौट रहा था पति, इलाज के दौरान तोड़ा दम
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के फाकरमार-जोबी चौकी के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 33 वर्षीय अशोक पटेल की जान चली गई. पुलिस और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, करीब 10 महीने पहले लोन पर ली गई ओमनी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई थी.
दुर्घटना के बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया.
मृतक रामपुर करतला का निवासी था और पेशे से मजदूरी करता था. परिजनों के अनुसार, 16 सितंबर को घरेलू बातों और शराब पीने की आदत को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था. इसके बाद 18 सितंबर को पत्नी अपने चार बेटियों और एक बेटे को साथ लेकर दर्रामुड़ा स्थित अपने मायके चली गई थी.
19 सितंबर को अशोक अपनी ओमनी गाड़ी से पत्नी को मनाने और वापस लाने के लिए ससुराल पहुंचा था.
ससुराल में भी दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई. पत्नी का कहना है कि घर पर किसी अन्य सदस्य के न होने के दौरान अशोक ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे. जब पत्नी ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो वह नाराज होकर अकेला ही गाड़ी लेकर वापस घर लौटने लगा.
वापसी के दौरान ही फाकरमार-जोबी चौकी के पास उसकी तेज रफ्तार ओमनी अनियंत्रित हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.