NTPC ने राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी के लिए दिए ₹68.20 Cr
रायपुर । संवाददाता: खेलों को बढ़ावा देने, खासकर तीरंदाजी के विकास के लिए, एनटीपीसी (NTPC) ने अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत बड़ी पहल की है. एनटीपीसी नवा रायपुर में एक राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी अकादमी स्थापित करने के लिए ₹68.20 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा.
एनटीपीसी के नया रायपुर कार्यालय में 17 अक्टूबर, 2025 को इस अकादमी की स्थापना के लिए एक त्रिपक्षीय समझौता (Tripartite Agreement) हुआ. इस पर एनटीपीसी की ओर से आरई डी (डब्ल्यूआर-II) और सीईओ (एनएसपीसीएल) श्री दिवाकर कौशिक, नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) की ओर से सीईओ श्री चंदन कुमार (आईएएस) और छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से निदेशक श्रीमती तनुजा सलाम (आईएएस) ने हस्ताक्षर किए.
यह अकादमी नवा रायपुर, अटल नगर के ग्राम परसदा में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास सेक्टर-3 में 13.47 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी. अकादमी में 30-लेन आउटडोर तीरंदाजी रेंज, वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी सुविधा, हाई परफॉर्मेंस सेंटर, खिलाड़ियों के लिए छात्रावास, स्टाफ आवास, अत्याधुनिक तीरंदाजी उपकरण, शूटिंग वीडियो एनालिसिस सिस्टम और डिजिटल स्कोरबोर्ड जैसी विश्व स्तरीय सुविधाएं होंगी.
इस अवसर पर, श्री कौशिक ने खेल को बढ़ावा देने में एनटीपीसी के निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला और उम्मीद जताई कि यह सुविधा उभरते हुए तीरंदाजों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का मंच प्रदान करेगी. चंदन कुमार ने एनटीपीसी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि एनआरएएनवीपी परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करेगा और यह अकादमी राज्य की छिपी हुई तीरंदाजी प्रतिभा को एक उपयुक्त मंच देगी. श्रीमती तनुजा सलाम ने भी इसे राज्य में तीरंदाजी के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन बताया.
नवा रायपुर की इस अकादमी के अलावा, एनटीपीसी छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तहसील शन्ना में स्थापित होने वाली ग्रासरूट तीरंदाजी अकादमी के लिए भी ₹20.53 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है.