नेस्ले ने वापस मंगवाए बेबी फॉर्मूला के कई बैच
नेस्ले ने वापस मंगवाए बेबी फॉर्मूला के कई बैच, भारत पर असर नहीं
नई दिल्ली । डेस्क: नेस्ले ने यूरोप, अफ्रीका, अमेरिका और एशिया के दर्जनों देशों में अपने प्रमुख शिशु पोषण उत्पादों, जिनमें एसएमए (SMA), बेबा (BEBA) और नैन (NAN) इन्फेंट फॉर्मूला शामिल हैं, के विशिष्ट बैचों को बाजार से वापस मंगवाना (रिकॉल) शुरू कर दिया है. कंपनी के अनुसार, एक प्रमुख सप्लायर से प्राप्त सामग्री में गुणवत्ता संबंधी समस्या और 'सेरुलिड टॉक्सिन' (cereulide toxin) के संभावित संदूषण के कारण यह कदम उठाया गया है, जिससे मतली और उल्टी जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं.
हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अब तक इन उत्पादों से जुड़ी किसी भी बीमारी या प्रतिकूल लक्षण की पुष्टि नहीं हुई है. ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, चीन, मैक्सिको, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात सहित कम से कम 37 देशों ने इस संबंध में स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है.
कतर के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी उपभोक्ताओं को विशिष्ट बैचों का उपयोग न करने के प्रति सचेत किया है.
इस वैश्विक हलचल के बीच, नेस्ले इंडिया ने भारतीय उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा है कि देश में बेचे जाने वाले उत्पाद पूरी तरह सुरक्षित हैं.
कंपनी ने स्पष्ट किया कि भारत में बेचे जाने वाले सभी शिशु फॉर्मूला ब्रांडों का निर्माण स्थानीय स्तर पर किया जाता है और वे हाल ही में विदेशों में वापस मंगवाए गए किसी भी उत्पाद या बैच का आयात नहीं करते हैं.
नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, भारतीय बाजार में मौजूद सभी उत्पाद FSSAI और अन्य लागू नियमों के पूर्ण अनुपालन में हैं और गहन परीक्षण के बाद ही बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं.
कंपनी ने दोहराया कि वैश्विक स्तर पर की गई यह वापसी केवल एक एहतियाती कदम है और भारत में इसका कोई प्रभाव नहीं है.