नेपाल बाढ़: 300 से अधिक भारतीय लापता
काठमांडू । डेस्क: नेपाल-तिब्बत सीमा से सटे रसुवा क्षेत्र में हिमस्खलन के बाद भोटेकोशी नदी की सहायक ल्हेन्दे नदी का प्रवाह थमने से भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 165 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हजारों लोग लापता बताए जा रहे हैं.
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के अनुसार लापता लोगों में 300 से अधिक भारतीय नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले तीर्थयात्री भी मौजूद हैं.
इस अचानक आई बाढ़ से रसुवा और आसपास के तीन जिलों में व्यापक नुकसान हुआ है. टिमुरे और रसुवागढ़ी के पास सीमावर्ती इलाकों में कई घर, पुल और सड़कें बह गई हैं.
प्रभावित क्षेत्रों में नेपाल पुलिस और राहत बल बड़े पैमाने पर बचाव कार्य चला रहे हैं.
नेपाल में स्थित भारतीय दूतावास ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (+977 985 131 6807 और +977 970 910 7500) जारी किए हैं. इसके अलावा बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड ने भी फंसे हुए लोगों और परिजनों की सहायता के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी कर दिए हैं.