रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

नीट परीक्षा विवाद: रायपुर में भारी बारिश के बीच छात्रों प्रदर्शन

C

CG Khabar

19 जुल. 2026, 09:00 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

 रायपुर में छात्रों प्रदर्शन
रायपुर में छात्रों प्रदर्शन

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई दिया. नीट (NEET) परीक्षा में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और कथित पेपर लीक के खिलाफ आज शहर के अंबेडकर चौक पर सैकड़ों युवाओं और छात्रों ने एकत्रित होकर एक विशाल प्रदर्शन किया.


'कॉकरोच जनता पार्टी' नामक गैर-दलीय छात्र संगठन के नेतृत्व में आयोजित इस उग्र प्रदर्शन में युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा. प्रदर्शनकारियों ने न केवल राष्ट्रीय स्तर पर हुए इस परीक्षा घोटाले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला, बल्कि हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के प्रति एकजुटता भी दिखाई. 

विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने वांगचुक की रिहाई और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए जमकर नारेबाजी की.


आंदोलन में शामिल एक छात्रा ने परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक परीक्षा की नहीं है, बल्कि उन मासूम और होनहार छात्रों के लिए न्याय की गुहार है जिन्होंने नीट पेपर लीक और इसके कारण उपजे मानसिक तनाव की वजह से अपनी जान गंवा दी. 


छात्रों ने मांग की है कि इस पूरे घोटाले के लिए सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए.


छात्रों के इस बड़े आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिला. कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए और उन्होंने छात्रों की मांगों को मजबूती से उठाने के लिए संगठनात्मक सहयोग दिया. 


मूसलाधार बारिश में भी घंटों डटे रहे प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं करती और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP