रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

NEET 2026: रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें, कोच भी बढ़े

C

CG Khabar

20 जून 2026, 01:23 AM 3 मिनट में पढ़ें 4

रेलगाड़ी
रेलगाड़ी

बिलासपुर । संवाददाता: नीट (NEET-2026) परीक्षा में शामिल होने वाले देश के भावी डॉक्टरों और उनके अभिभावकों के सफर को आसान बनाने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने एक बड़ा फैसला लिया है. परीक्षा के दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनें चलाने और नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़ने का ऐलान किया है. 


इससे परीक्षार्थियों को समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने में बड़ी राहत मिलेगी.

विज्ञापन


रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 20 और 21 जून को कोरबा-दुर्ग-कोरबा के बीच विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएंगी. 20 जून को ट्रेन नंबर 06801 कोरबा से सुबह 10:00 बजे रवाना होकर शाम 16:15 बजे दुर्ग पहुँचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन नंबर 06802 दुर्ग से शाम 19:05 बजे छूटकर रात 00:45 बजे कोरबा पहुँचेगी. 


इसी तरह 21 जून को भी ट्रेन नंबर 06803 कोरबा से तड़के 04:00 बजे चलेगी और सुबह 10:50 बजे दुर्ग पहुँचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 06804 शाम 19:05 बजे दुर्ग से रवाना होकर रात 00:45 बजे कोरबा आएगी. ये सभी स्पेशल ट्रेनें चंपा, जांजगीर नैला, अकलतरा, बिलासपुर, बेल्हा, भाटापारा, तिल्दा नेवरा, रायपुर और भिलाई पावर हाउस स्टेशनों पर रुकेंगी.


इसके अलावा, परीक्षा के दिन यानी 21 जून को एक और विशेष मेमू ट्रेन (08823) छिंदवाड़ा से शाम 18:00 बजे रवाना होकर रात 22:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुँचेगी.


परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने 21 जून को हसदेव एक्सप्रेस का विस्तार दुर्ग तक करने का निर्णय लिया है. ट्रेन नंबर 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस रायपुर से आगे बढ़कर सुबह 11:45 बजे दुर्ग पहुँचेगी. 


वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 18251 दुर्ग से शाम 16:30 बजे रवाना होकर रायपुर होते हुए कोरबा के लिए जाएगी. हालांकि, कोरबा और रायपुर के बीच इस ट्रेन की नियमित समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है.


सफर के दौरान अनारक्षित (जनरल) टिकट पर यात्रा करने वाले छात्रों को सीट की दिक्कत न हो, इसके लिए रेलवे ने 10 प्रमुख ट्रेनों में 40 अतिरिक्त जनरल कोच लगाने की व्यवस्था की है. 


इनमें हसदेव एक्सप्रेस (18249, 18250, 18251, 18252) में 7-7 अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे. साथ ही बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस (18247/18248), टाटा-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110) और टाटा-बिलासपुर एक्सप्रेस (18113/18114) में भी 2-2 अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जा रहे हैं.


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नीट-2026 के सभी अभ्यर्थियों से इन विशेष सेवाओं का लाभ उठाकर समय पर परीक्षा केंद्र पहुँचने की अपील की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेनों की विस्तृत समय-सारणी और ठहराव की ताजा जानकारी के लिए भारतीय रेलवे के आधिकारिक पूछताछ पोर्टल www.enquiry.indianrail.gov.in पर जरूर विजिट करें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP