छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद: अमित शाह के बयानों पर कांग्रेस का पलटवार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयानों को लेकर तीखा हमला बोला है. सोमवार को जारी एक बयान में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शाह के मौजूदा दावे उनके चार साल पहले के खुद के आकलन के विपरीत हैं और यह सब तथ्यों के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है.
कांग्रेस संचार विभाग ने याद दिलाया कि 5 अप्रैल 2021 को छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान अमित शाह ने खुद माना था कि केंद्र और तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद पीछे हट रहा है.
पार्टी ने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान 'विश्वास, विकास और सुरक्षा' के मॉडल पर काम करते हुए नक्सली हिंसा में लगभग 80 प्रतिशत की कमी आई थी और 600 से अधिक गांवों को नक्सल मुक्त घोषित किया गया था.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछली सरकार ने केवल सुरक्षा बलों के जरिए ही नहीं, बल्कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम इलाकों में सड़क, पुल, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं का जाल बिछाकर नक्सलियों के आधार को कमजोर किया था. 67 लघु वनोपजों की खरीदी और राशन दुकानों के विस्तार जैसे आर्थिक कदमों से आदिवासियों का प्रशासन पर भरोसा बढ़ा था.
पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक बयानबाजी के चक्कर में उन जमीनी उपलब्धियों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिनकी तारीफ खुद गृह मंत्री और पुलिस अधिकारी पहले कर चुके हैं.