ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
रायगढ़ । संवाददाता: छाल थाना क्षेत्र के हाटी-कोरबा मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के छाल इलाके में शुक्रवार की शाम यह हादसा उस समय हुआ जब दो दोस्त बाइक से स्थानीय मेला देखकर वापस लौट रहे थे.
शाम करीब 7 बजे हाटी पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने स्थानीय लोगों की सहायता से डायल-112 को सूचित किया. दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरे युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत उच्च संस्थान के लिए स्थानांतरित कर दिया गया.