हैक हुआ MLA तुलेश्वर मरकाम का मोबाइल, समर्थकों को भेजे गए पैसों के मैसेज
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी उनके निशाने पर आने लगे हैं. ताजा मामला पाली-तानाखार क्षेत्र का है, जहां गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और स्थानीय विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का मोबाइल फोन शातिर हैकर्स ने हैक कर लिया.
फोन का नियंत्रण हाथ में लेते ही ठगों ने विधायक के व्हाट्सएप अकाउंट से उनके परिचितों, समर्थकों और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को आपात स्थिति का हवाला देकर 76 हजार रुपये भेजने के संदेश भेजना शुरू कर दिया.
इस पूरी ठगी की शुरुआत एक संदिग्ध फोन कॉल से हुई थी. विधायक तुलेश्वर मरकाम के पास किसी पार्सल को लेकर एक कॉल आया था, और उस बातचीत के कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल हैक हो गया.
जब कई कार्यकर्ताओं के पास पैसे मांगने के संदेश पहुंचे, तो कुछ सतर्क शुभचिंतकों ने सीधे विधायक से संपर्क कर इसकी सत्यता जाननी चाही, जिसके बाद इस पूरी डिजिटल साज़िश का पर्दाफाश हुआ.
मामला सामने आते ही विधायक ने तुरंत एक्शन लेते हुए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से आम जनता, कार्यकर्ताओं और अपने करीबियों को सतर्क किया. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्हें किसी भी तरह की आर्थिक मदद की आवश्यकता नहीं है और लोग ऐसे किसी भी फर्जी मैसेज के झांसे में आकर पैसे न ट्रांसफर करें.
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने पाली पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत दर्ज कराई है. पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि जनप्रतिनिधि की ओर से शिकायत मिलने के बाद केस को साइबर सेल को सौंप दिया गया है.
पुलिस की विशेष टीम हैकर्स का सुराग लगाने और व्हाट्सएप नंबर को दोबारा रिकवर करने के प्रयास में जुटी हुई है. लगातार बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी परिचित या बड़े अधिकारी के नंबर से भी अचानक पैसों की मांग की जाए, तो बिना फोन पर सीधी बात किए कोई भी वित्तीय लेनदेन न करें.