मथुरा: यमुना में नाव पलटने से 10 श्रद्धालुओं की मौत, कई लापता
मथुरा । डेस्क: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पोंटून पुल से टकराकर डूब गई. इस दर्दनाक घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.
यह हादसा मथुरा के केसी घाट के पास दोपहर करीब 3:15 बजे हुआ. जानकारी के मुताबिक, नाव पर करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे.
चश्मदीदों ने बताया कि नाव का संतुलन तब बिगड़ा जब वह नदी में बने एक पोंटून पुल से टकरा गई. मथुरा के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने पुष्टि की है कि अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई. वर्तमान में एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.
कई लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. Symbolic Photo