मरवाही: लावारिस वस्तु में धमाका, 19 वर्षीय युवक घायल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टिकठी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक 19 वर्षीय युवक को रास्ते में मिली एक संदिग्ध वस्तु को कौतूहलवश तोड़कर देखना बेहद भारी पड़ गया. वस्तु को खोलते समय हुए एक जोरदार विस्फोट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है.
स्थानीय निवासियों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, टिकठी गांव का रहने वाला कृष्णा कुमार चंद्रा गांव की एक गली से गुजर रहा था, तभी उसकी नजर जमीन पर पड़ी एक अजीबोगरीब संदिग्ध वस्तु पर पड़ी. युवक उसे उठाकर अपने घर के पिछवाड़े ले आया.
परिजनों के मुताबिक, यह वस्तु लगभग तीन इंच लंबी और एक इंच व्यास की थी. इसके भीतर क्या है, यह जानने की उत्सुकता में कृष्णा कुमार ने एक कुदाल उठाई और उस पर दे मारी. कुदाल की चोट पड़ते ही उस वस्तु में एक भीषण धमाका हो गया.
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि उसे सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े. वहाँ कृष्णा कुमार लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा तड़प रहा था. ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि विस्फोट के कारण युवक के हाथों और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है. वहीं, युवक की मां निशा चंद्रा ने बताया कि उनका बेटा सिर्फ यह देखना चाहता था कि उस लावारिस वस्तु के अंदर क्या है, लेकिन इस लापरवाही ने उसकी जान जोखिम में डाल दी.
इस अचानक हुए ब्लास्ट के बाद से पूरे इलाके और गांव के लोगों में दहशत का माहौल है. ग्रामीण इस बात को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं कि आखिर वह विस्फोटक वस्तु वहाँ आई कहाँ से.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन और पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी लावारिस, संदिग्ध या विस्फोटक जैसी दिखने वाली वस्तु को हाथ न लगाएं और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें. Symbolic Photo.