मरवाही: हाथी ने स्कूल हॉस्टल की दीवार तोड़ी, मची अफरा-तफरी
मरवाही । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब चार जंगली हाथियों का एक झुंड रिहायशी क्षेत्र में दाखिल हो गया. इस दौरान हाथियों ने एक स्कूल हॉस्टल परिसर की कंक्रीट की बाउंड्री वॉल को ढहा दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक विशालकाय हाथी महज कुछ ही सेकंड में दीवार को गिराते हुए आगे बढ़ता दिख रहा है. हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
यह झुंड पिछले कुछ दिनों से मरवाही वन परिक्षेत्र में सक्रिय है और लगातार आबादी वाले इलाकों के चक्कर काट रहा है. इससे एक दिन पहले भी इन हाथियों को हाउसिंग बोर्ड आवासीय कॉलोनी के पास देखा गया था.
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मियों के मौसम में जंगलों के भीतर पानी की किल्लत और भोजन की कमी के कारण हाथी गांवों और कस्बों का रुख कर रहे हैं. घरों में रखे अनाज, फसलें और पानी के स्रोत इन्हें आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित करते हैं, जिससे मानव-हाथी संघर्ष का खतरा बढ़ जाता है.
इस पूरी घटना में हाथियों की आवाजाही से ज्यादा स्थानीय लोगों और युवाओं का व्यवहार प्रशासन के लिए बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है. हाथियों को देखने के लिए सैकड़ों की तादाद में भीड़ जमा हो रही है और लोग बेहद नजदीक जाकर फोटो-वीडियो बनाने का जोखिम उठा रहे हैं.
वन विभाग ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जंगली हाथियों के करीब जाना या उन्हें उकसाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है और इससे हाथी हिंसक हो सकते हैं.
फिलहाल वन विभाग की टीमें हाथियों की हर हरकत पर नजर रख रही हैं और लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है. अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी से दूर जंगल में खदेड़ना और उत्सुक भीड़ को किसी भी अप्रिय घटना से बचाना है.