रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

मरवाही: जंगल में तेंदूपत्ता बीनने गई बुजुर्ग महिला पर भालू का हमला

C

CG Khabar

10 मई 2026, 06:20 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

घायल महिला
घायल महिला

मरवाही । डेस्क: छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला धरहर गांव का है, जहां गुरुवार को जंगल में तेंदू पत्ता तोड़ने गई 60 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला भालू के हमले का शिकार हो गई. भालू के इस जानलेवा हमले में महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई है, जिनका उपचार फिलहाल अस्पताल में चल रहा है.


घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, धरहर निवासी मनकी बाई प्रजापति (60 वर्ष) रोजाना की तरह अन्य महिलाओं के साथ जंगल में तेंदू पत्ता संग्रहण के लिए गई थीं. इसी दौरान अचानक एक जंगली भालू ने उन पर धावा बोल दिया. मनकी बाई की चीख-पुकार सुनकर साथ मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाई और सामूहिक रूप से शोर मचाना शुरू किया, जिससे घबराकर भालू जंगल के भीतर भाग गया.

विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही 108 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची. ईएमटी गणेश्वर प्रसाद और पायलट दयाशंकर ने डॉ. हिमांशु नहरेल के निर्देशों का पालन करते हुए मौके पर ही घायल महिला को प्राथमिक चिकित्सा और जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध कराईं. 


इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, महिला का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. क्षेत्र में इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP