प्रेस नोट जारी कर माओवादियों ने पुलिस पर लगाए आरोप
प्रेस नोट जारी कर माओवादियों ने पुलिस पर लगाए कई गंभीर आरोप
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में माओवादियों की पश्चिम बस्तर डिविजन ने इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हुई मुठभेड़ को लेकर प्रेस नोट जारी कर इस मुठभेड़ में हुए नुकसान को सार्वजनिक किया है. प्रेस नोट में माओवादियों ने 7 साथियों के मारे जाने की बात कबूल की है. साथ ही पुलिस पर माओवादियों को जिंदा पकड़कर मारने का आरोप लगाया है.
गौरतलब है कि बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में 5, 6 और 7 जून को अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 7 माओवादियों को मारने का दावा किया था.
ये एंटी नक्सल ऑपरेशन तीन दिन तक चला. इस मुठभेड़ में जवानों को बड़े कैडर के माओवादियों को मारने में सफलता मिली थी.
अब माओवादियों की पश्चिम बस्तर डिविजन कमेटी के सचिव मोहन द्वारा जारी प्रेस नोट में सेंट्रल कमेटी मेंबर गौतम उर्फ सुधाकर और तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य भास्कर सहित कुल 7 माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि की गई है.
इसके साथ ही माओवादियों ने फोर्स पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आरापल्ली और अन्नापुर गांव से दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है और इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है.