रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

शहर में कई सीसीटीवी कैमरे बंद, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

छत्तीसगढ़ के बस्तर में शहर के कई सीसीटीवी कैमरे बंद हैं

C

CG Khabar

05 मई 2025, 01:41 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

बस्तर में सीसीटीवी कैमरे बंद
बस्तर में सीसीटीवी कैमरे बंद

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में पुलिस के लिए तीसरी आँख कहे जाने वाले अधिकांश सीसीटीवी कैमरों की आंख बंद है. 


कैमरे लगातार खराब हो रहे हैं और कई कैमरे काम करना बंद कर चुके हैं. वहीं शहर में ऐसी कई महत्वपूर्ण जगहें हैं, जहाँ मांग के बावजूद कैमरे नहीं लगाए गए हैं. 

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक बस्तर पुलिस ने शहर में कुल 161 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश कैमरे रखरखाव के अभाव में बंद हो गए हैं और कई काम नहीं कर रहे हैं. 


इसके अलावा शहर में कई ऐसे ब्लैक स्पॉट भी हैं, जहाँ कैमरे लगाने की ज़रूरत है. इन जगहों में कैमरे के अभाव में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं.


जिसके चलते कंट्रोल रूम से उनकी मॉनिटरिंग भी नहीं हो पा रही है, हालांकि पुलिस के अधिकारी जल्द ही शहर के सीसीटीवी कैमरे रिपेयर कर लेने की बात कह रहे हैं.

पुलिस का दावा- जल्द लगाए जाएंगे नए कैमरे

शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बस्तर पुलिस के लिए शहर पर नजर रखने का एक माध्यम हैं. इससे यातायात नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई करने के साथ ही बढ़ते अपराध को रोकने में भी मदद मिलती है.


साथ ही चोर गिरोह का भी पर्दाफाश होता है. लेकिन वर्तमान में शहर के अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए हैं.


खासकर शहर के मुख्य चौक चौराहों पर और रिहायशी कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर लगे कैमरे काम नहीं कर रहे हैं.


शहर में होने वाले सड़क हादसों में सीसीटीवी के फुटेज साक्ष्य के तौर पर सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए हैं.


जगदलपुर सीएसपी श्रीश्रीमाल का कहना है कि विभाग समय-समय पर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत करवाता रहता है.


हालाँकि जिन जगहों में सीसीटीवी पूरी तरह से खराब पड़े है, यहाँ नए कैमरे जल्द ही लगवाने की कोशिश जारी है.


सीएसपी ने कहा कि जिन ब्लैक स्पॉट पर कैमरे लगाने की ज़रूरत है, वहाँ भी जल्द ही कैमरे लगाए जाएँगे.


उन्होंने बताया कि वे सभी थाना क्षेत्रों में लोगों को भी सीसीटीवी कैमरे लगाने जागरूक कर रहे हैं, ताकि ज़्यादा से ज़्यादा लोग अपने घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाएँ.


इन सभी निजी कैमरों को भी पुलिस अपने रिकॉर्ड में रखती है, ताकि किसी भी अपराध की स्थिति में उनकी मदद ली जा सके.

सीसीटीवी की मदद से चालानी कार्यवाही 

सीएसपी श्रीश्रीमाल ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से साल 2024 में 750 ई-चालान काटे गए थे और 2025 में अब तक 400 से ज़्यादा ई-चालान काटे जा चुके हैं.


इनमें से कुछ चालान शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी जारी किए गए हैं. अप्रैल महीने तक कुल 9 हज़ार चालान किए गए थे, जिनमें 400 ई-चालान शामिल हैं.


सीएसपी ने बताया कि इस चालानी कार्रवाई में पुलिस ने 49 लाख रुपये भी वसूले हैं. उनका कहना है कि फिलहाल जल्द से जल्द खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को बदलने का काम विभाग के द्वारा किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP