जशपुर में गौ-वध पर बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार
जशपुर । संवाददाता: जशपुर जिले की पुलिस ने गौवंश से जुड़े अपराधों के खिलाफ 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम बैगाबहार में छापेमारी कर पुलिस ने 55 किग्रा गौमांस बरामद किया है और इस अवैध कारोबार में शामिल 10 लोगों को धर दबोचा है.
पकड़े गए सभी आरोपियों को छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5, 6 और 10 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल (CG 13 W 8714), टांगी, छुरी, रस्सी और गौमांस की बिक्री से अर्जित ₹2,000 की नगद राशि भी जब्त की है.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बैगाबहार निवासी रंजीत एक्का, राकेश तिर्की, मेघनाथ तिर्की, विनय तिग्गा, अमलेश तिग्गा, हीरालाल तिर्की के अलावा रोकबहार के मनमोहन तिग्गा व अब्राहम कुजूर और कोतबा हाईस्कूल पारा के संजय तिग्गा एवं अनूप भगत शामिल हैं.
यह पूरी कार्रवाई 26 जुलाई की सुबह मिली एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर की गई. पुलिस को जानकारी मिली थी कि बरगोड़ा इलाके में तड़के एक गौवंश का वध कर कुछ लोग उसका मांस घर ले जा रहे हैं.
सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों के निर्देशन में कोतबा पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और रंजीत एक्का की बाइक पर बंधी बोरी की तलाशी लेकर भारी मात्रा में मांस बरामद किया. कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी रंजीत ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम देने की बात कबूल कर ली.