रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

महासमुंद: गांव में देर रात घर में घुसा तेंदुआ, एक ही परिवार के 6 लोग घायल

C

CG Khabar

04 अक्टू. 2026, 09:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

तेंदुआ
तेंदुआ

महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बागबाहरा वन परिक्षेत्र के झितकी गांव में शनिवार देर रात एक आदमखोर तेंदुए ने घर में घुसकर हमला किया. इस हमले में एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. तेंदुए की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.


मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब 55 वर्षीया उत्तरी बाई शौचालय के लिए घर से बाहर निकली थीं. 

विज्ञापन


तभी झाड़ियों में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया. 


उत्तरी बाई की चीख-पुकार सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने दौड़े, तो तेंदुआ बेकाबू होकर घर के भीतर घुस गया और जो भी सामने आया उस पर हमला बोल दिया. इस घटना में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, कसार यादव (14), उत्तरी बाई (55) और सुनीता यादव (32) घायल हो गए.


तेंदुए के हमले के बावजूद परिवार ने अदम्य साहस का परिचय दिया. जान पर खेलकर सदस्यों ने सूझबूझ दिखाई और तेंदुए को घर के ही एक कमरे में बंद कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. आपातकालीन 112 सेवा की मदद से सभी घायलों को तुरंत बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया. 


घायलों में से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है.


फिलहाल वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे मकान को चारों तरफ से घेर लिया है और ग्रामीणों को दूर रहने की सख्त हिदायत दी है. तेंदुए को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू करने के लिए रायपुर से एक विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम बुलाई गई है. अधिकारियों का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालना है. File Photo.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP