शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

मध्य प्रदेश: देश में पहली बार वक्फ बोर्ड में दो हिंदू सदस्य

C

CG Khabar

06 जुल. 2026, 07:42 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

मोहन यादव
मोहन यादव

भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने राज्य वक्फ बोर्ड का बड़ा पुनर्गठन किया है. सरकार ने नए वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 के तहत बोर्ड का गठन करते हुए इसमें दो हिंदू सदस्यों को शामिल किया है. अधिकारियों का दावा है कि नए कानून के तहत हिंदू सदस्यों को शामिल करने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है.


राज्य सरकार द्वारा जारी राजपत्र (गजट) अधिसूचना के अनुसार, 10 सदस्यीय मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष पद पर अनवर पटेल को नियुक्त किया गया है. वहीं, मनोज मालपानी और अनिमेश भार्गव को बोर्ड में हिंदू सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.


एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश वक्फ अधिनियम, 1995 (संशोधित 2025) की धारा 13(1) और धारा 14 के तहत मिली शक्तियों का उपयोग करते हुए इस बोर्ड का गठन किया गया है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश नए अधिनियम के तहत वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है.


गौरतलब है कि वक्फ बोर्ड एक वैधानिक संस्था है, जिसका मुख्य कार्य राज्य में वक्फ संपत्तियों की देखरेख और उनका प्रबंधन करना है. यह बोर्ड वक्फ संपत्तियों का रिकॉर्ड रखने, उनकी आय और उपयोग की निगरानी करने, उन्हें अतिक्रमण से बचाने और धार्मिक, शैक्षणिक व सामाजिक कल्याण के कार्यों में उनका सही इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP