शराब घोटालाः विजय भाटिया कोर्ट में पेश
शराब घोटालाः विजय भाटिया को किया कोर्ट में पेश
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कारोबारी विजय भाटिया को सोमवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान ईओडब्ल्यू ने पूछताछ के लिए विजय भाटिया को 7 दिन की रिमांड में देने की मांग की है. कोर्ट ने दोनों पक्षों की सुनवाई पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है.
विजय भाटिया को कल ही दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उसे दोपहर तक रायपुर लाया गया. रविवार अवकाश होने के कारण स्पेशल कोर्ट बंद थी, इसलिए उसे कल ही रिमांड कोर्ट में पेश किया गया.
इस दौरान ईओडब्ल्यू ने पूछताछ के लिए 14 दिन की रिमांड पर देने का आवेदन लगाया, लेकिन कोर्ट ने आवेदन को खारिज करते हुए एक दिन के न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था.
साथ ही कोर्ट ने विशेष न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया था. आज एसीबी-ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में उसे पेश किया गया.
गौरतलब है कि कल विजय भाटिया की गिरफ्तारी के साथ ही उसके दुर्ग-भिलाई के 8 ठिकानों पर छापेमारी की थी.
जिसमें नेहरू नगर एवं आदर्श नगर स्थित निवास, भिलाई-3 में फर्नीचर शोरूम, दुर्ग में फैक्ट्री, उनके मैनेजर संतोष रामटेके एवं दुर्ग स्थित फर्म शामिल थे. इस दौरान कई अहम सबूत मिलने की बात की जा रही है, जिसमें कुछ अहम दस्तावेज भी है.
ईओडब्ल्यू की टीम ने उक्त दस्तावेजों के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, प्रॉपर्टी के पेपर और कुछ निवेश के पेपर को जांच के लिए जब्त किए हैं.