ढाका के चिड़ियाघर से भागा शेर
ढाका । डेस्क: शुक्रवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मीरपुर राष्ट्रीय चिड़ियाघर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक शेर अपने पिंजरे से भाग निकला. यह घटना शाम करीब पौने 5 बजे हुई. गनीमत यह रही कि शेर चिड़ियाघर परिसर की चारदीवारी के अंदर ही रहा और बाहर नहीं निकला.
चिड़ियाघर के डायरेक्टर रफिकूल इस्लाम तालुकदार ने स्थानीय मीडिया को बताया कि शेर पिंजरे के बहुत करीब ही है, लेकिन कर्मचारी उसके पास नहीं जा पा रहे हैं. उन्होंने कहा, "शेर पर लगातार नज़र रखी जा रही है और उसे काबू करने के लिए हम 'स्लीप डार्ट' (बेहोश करने वाली गोली) गन के साथ तैयार हैं."
सुरक्षा के मद्देनज़र, चिड़ियाघर प्रशासन ने तुरंत सभी दर्शकों को बाहर निकाल दिया. चिड़ियाघर के क्यूरेटर डॉ. अतीकुर रहमान ने भी पुष्टि की कि शेर भीड़-भाड़ वाले इलाके में नहीं गया है और पिंजरे के आसपास ही मौजूद है.
इस सवाल पर कि शेर कैसे भागा, रफिकूल इस्लाम तालुकदार ने आशंका जताई कि पिंजरे का ताला ठीक से नहीं लगाया गया होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि पिंजरे के किसी भी हिस्से में कोई खराबी, टूटा हुआ ग्रिल या छेद नहीं है. शेर के दरवाज़े से बाहर निकलने की संभावना सबसे अधिक है.
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में मीरपुर राष्ट्रीय चिड़ियाघर में पाँच शेर हैं. इस घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया जाएगा.