रील्स के चक्कर में गई जान: 35 फीट ऊंचे पुल से नदी में कूदा युवक
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महज एक वीडियो बनाने की जिद ने एक हंसते-खेलते युवक की जान ले ली. धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंबेटिकरा में मंगलवार सुबह दोस्तों के साथ घूमने गया एक युवक नदी पर बने करीब 35 फीट ऊंचे पुल से सीधे नीचे कूद गया. गहरे पानी में समाने के बाद वह वापस ऊपर नहीं आ सका.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ) की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. करीब 23 घंटे की भारी मशक्कत के बाद बुधवार को आखिरकार नदी से युवक का शव बरामद कर लिया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त छाल क्षेत्र के हाटी गांव के रहने वाले जयसिंह अगरिया के रूप में की गई है. मंगलवार को वह अपने दो साथियों, पिंटू निषाद और हीरालाल के साथ अंबेटिकरा इलाके में पिकनिक मनाने और घूमने के लिए निकला था. मांड नदी के पास सभी दोस्त नहाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक जयसिंह के दिमाग में पुल से छलांग लगाने का विचार आया.
उसने अपने दोस्तों से मोबाइल पर इसका वीडियो रिकॉर्ड करने को कहा. साथियों ने गहराई और खतरे को देखते हुए उसे ऐसा आत्मघाती कदम उठाने से बार-बार रोका और काफी मिन्नतें कीं, लेकिन जयसिंह अपनी जिद पर अड़ा रहा और उसने ऊपर से छलांग लगा दी.
जैसे ही वह पानी में गिरा, वह लापता हो गया. दोस्तों ने अपने स्तर पर उसे तलाशने की काफी कोशिश की, लेकिन जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने घबराकर परिजनों और स्थानीय थाने को मामले की जानकारी दी.
बुधवार सुबह से डीडीआरएफ की टीम ने नए सिरे से खोजबीन अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद जयसिंह की लाश को ढूंढ निकाला. इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.