मणिपुर में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप जब्त
मणिपुर में नशीले पदार्थ व नगदी जब्त की गई है.
नई दिल्ली । डेस्क: मणिपुर में नशीले पदार्थ व नगदी जब्त की गई है. मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में 5 से 7 जून 2025 तक चले एक विशेष अभियान "ऑपरेशन व्हाइट वेल" में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), सीमा शुल्क, असम राइफल्स की 37वीं बटालियन और मणिपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हासिल की है. इस अभियान में लगभग 55.52 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ और नकदी जब्त की गई, साथ ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.
अभियान के दौरान, म्यांमार सीमा के निकट चुराचांदपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गई. अधिकारियों ने 7,755.75 ग्राम हेरोइन, जिसका अनुमानित मूल्य 54.29 करोड़ रुपये है, और 6,736 ग्राम अफीम, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य 87.57 लाख रुपये है, बरामद किया. इसके अलावा, दो बाओफेंग वॉकी-टॉकी, एक मारुति ईको वैन और 35.63 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई.
6 जून 2025 को सुबह म्यांमार सीमा के पास बेहियांग गांव में एक संदिग्ध मारुति ईको वैन का पीछा किया गया, जो सिंगनगाट सब-डिवीजन के थाडौ वेंग में एक घर तक पहुंची. घर की तलाशी में 219 साबुन के डिब्बों में छिपाई गई हेरोइन, आठ पैकेट और 18 छोटे टिन के डिब्बों में अफीम, दो वॉकी-टॉकी और 7,58,050 रुपये नकद बरामद हुये. इस मामले में एक व्यक्ति को घर से और दो अन्य को बुआलकोट चेक गेट पर हिरासत में लिया गया. इसके बाद, बेहियांग में एक अन्य आरोपी के घर से अफीम के दो पैकेट और 28,05,000 रुपये नकद जब्त किये गये.
7 जून 2025 को प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर, ज़ौखोनुआम गांव में बीपी 46 के पास दो व्यक्तियों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया. उनकी तलाशी में 440 साबुन की पेटियों में पैक की गई हेरोइन बरामद हुई.
जांच में पता चला कि जब्त नशीले पदार्थ म्यांमार से भारत-म्यांमार सीमा के घने जंगलों के रास्ते चुराचांदपुर में तस्करी कर लाये गये थे. इस अभियान की सफलता कठिन परिस्थितियों में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है. नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत अपराधियों को कड़ी सजा, जिसमें सात साल तक का कठोर कारावास शामिल है, का प्रावधान है.
यह कार्रवाई नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भारत सरकार के कड़े रुख को दर्शाती है और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है.