3 साल से अटका था पट्टा: गुस्साए युवक ने कमरा बंदकर पटवारी का सिर फोड़ा
पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पट्टा बनवाने के काम में देरी से नाराज एक युवक ने पटवारी पर जानलेवा हमला कर दिया. मरवाही थाना क्षेत्र के दानीकुंडी स्थित हल्का नंबर-26 के पटवारी कार्यालय में घुसे हमलावर ने भीतर से कुंडी बंद कर ली और लोहे की पाइप से पटवारी शुद्धु राम कोल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिरे पटवारी को छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह घटना बीते बुधवार की बताई जा रही है. सचराटोला निवासी प्रकाश पेंद्रो नाम का युवक पट्टे के काम को लेकर पिछले तीन सालों से दफ्तर के चक्कर काट रहा था.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो में आरोपी यह आरोप लगाता दिख रहा है कि पटवारी न तो उसका काम पूरा कर रहा था और न ही उसके पैसे वापस लौटा रहा था.
इसी आक्रोश में वह लोहे की रॉड लेकर सीधे दफ्तर में दाखिल हुआ. हमले के दौरान बाहर मौजूद लोगों ने खिड़की से उसे रोकने का काफी प्रयास किया और इस पूरी वारदात को अपने कैमरे में दर्ज कर लिया.
भीषण हमले के बाद आरोपी ने काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खोला और वहां से भाग निकला. इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने फरार आरोपी प्रकाश पेंद्रो की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है.