रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

चंद्रग्रहण का चोरों ने उठाया फायदा, गिरोला मंदिर में लाखों की चोरी

H

Hupendra Sharma

08 सित. 2025, 10:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

 गिरोला मंदिर में चोरी
गिरोला मंदिर में चोरी

बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में रविवार रात को चंद्रग्रहण का फायदा उठाकर चोरों ने प्रसिद्ध गिरोला मंदिर में धावा बोल दिया. चोर मंदिर से देवी को चढ़ाए गए लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर फरार हो गए. मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है.


बकावंड विकासखंड के गिरोला में प्रसिद्ध हिंगलाजिन माता मंदिर है. रविवार-सोमवार की रात चंद्रग्रहण होने के चलते मंदिर में पुजारी समेत आसपास कोई भी मौजूद नहीं था.

विज्ञापन


इसी का फायदा उठाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. हालांकि चोर मंदिर में रखे दानपेटी को काफी कोशिश करने के बाद भी उठाकर ले जाने में कामयाब नहीं हो पाए.


सोमवार की सुबह मंदिर के पुजारी और आसपास के लोगों को जानकारी मिलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई.


इधर पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पतासाजी कर रही है.

लाखों रुपए के आभूषण पार

मंदिर के प्रधान पुजारी देवनाथ ने बताया कि चंद्रग्रहण होने के चलते दोपहर को पूजा पाठ करने के बाद शाम को मंदिर के सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे.


दरवाजा भी बंद कर दिया गया था. मंदिर में कोई मौजूद नहीं था. आज सुबह मंदिर का दरवाजा खोला गया तो माता की मुकुट, रानी हार और अन्य आभूषण गायब थे.


चोरों ने दानपेटी को तोड़ने और उठाकर ले जाने की कोशिश भी की है.


बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर बिना नकाब के दिखाई पड़ रहे हैं. अभी तक कितने की चोरी हुई है, इसका आकड़ों में पता नहीं चल पाया है.


मंदिर कमेटी और पुलिस इसका आंकलन कर रही है.


सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

बस्तर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग का कहना है कि मंदिर में चोरी की जानकारी मिली है. जिसके बाद करपावंड थाना पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया है.


पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर दिखाई पड़ रहे हैं, जिनकी पहचान और पतासाजी की जा रही है.


उन्होंने बताया कि मंदिर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती इलाके में मौजूद है. ऐसे में ओडिशा में भी चोरों की पतासाजी की जा रही है.


विगत 2 साल पहले भी इसी गिरेला मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था. उस समय चोर ओडिशा के थे. पुलिस हर पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP