कोरबा: रेल पटरी पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में टीपी नगर रेलवे फाटक के समीप एक अज्ञात युवक की लाश पटरियों पर पड़ी मिली है. घटना बालको रेल मार्ग की है, जहाँ सुबह राहगीरों ने क्षत-विक्षत अवस्था में शव को देखा और तत्काल इसकी जानकारी गेटमैन व स्थानीय पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुँची. मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है.
ट्रेन की चपेट में आने के कारण शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे घटनास्थल पर काफी भयावह स्थिति निर्मित हो गई थी.
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना कर दिया है.
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है.
पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है कि यह महज एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा.