रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: हसदेव बांध में कूदकर युवती ने दी जान

C

CG Khabar

01 जुल. 2026, 03:48 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

खुदकुशी-कोरबा
खुदकुशी-कोरबा

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्री थाना इलाके में स्थित हसदेव बांध में छलांग लगाकर एक 30 साल की युवती ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मंगलवार की सुबह बांध के गेट नंबर 10 के समीप पानी में तैरती हुई एक लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सुबह-सुबह वहां मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों ने जब शव को देखा, तो फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. 


मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है.

विज्ञापन


समीप ही रहने वाले परिजनों ने मृतका की शिनाख्त नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय नंदनी मेहर के रूप में की है. मृतका के छोटे भाई ने बताया कि नंदनी अविवाहित थी और इन दिनों ब्यूटी पार्लर का काम सीख रही थी. 


सोमवार की सुबह करीब 11 बजे वह रोज की तरह घर से बाहर निकली थी, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो घरवाले परेशान हो गए. परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों के यहाँ भी पता लगाया, पर उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चला. 


मंगलवार सुबह जब बांध में किसी लड़की की लाश मिलने की खबर फैली, तो भाई मौके पर पहुंचा और कपड़ों व हुलिये के आधार पर अपनी बहन की पहचान की.


इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बांध के पास स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई. युवती ने आखिर किस वजह से मौत को गले लगाया और ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका रहस्य अभी तक नहीं सुलझ पाया है. 


दर्री थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है, ताकि आत्महत्या के असली कारणों का पता चल सके. मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP