रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: अस्पताल से गायब नवप्रसूता ने पेड़ से फांसी लगाकर दी जान

C

CG Khabar

16 सित. 2026, 12:53 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

कविता केंवट
कविता केंवट

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा गांव में मंगलवार दोपहर एक महिला का शव मेन रोड के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान छुरी कला निवासी कविता केंवट के रूप में हुई है, जो हाल ही में मां बनी थी और अस्पताल से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई थी.


घटना की सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिजनों से किसी बात को लेकर हुई नाराजगी के बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया. 

विज्ञापन


पुलिस अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है कि यह कदम किसी पारिवारिक विवाद का नतीजा था या महिला प्रसव के बाद होने वाले मानसिक तनाव (पोस्टपार्टम डिप्रेशन) से जूझ रही थी.


कविता को बीते 10 सितंबर को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था. नवजात शिशु के जन्म के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके चलते बच्चे को तुरंत अस्पताल के एसएनसीयू/आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया था. इसी बीच, परिजनों से किसी बात पर अनबन होने के बाद कविता बिना किसी को बताए अचानक अस्पताल परिसर से गायब हो गई.


महिला के अचानक लापता होने से बदहवास परिजन रातभर उसे तलाशते रहे. उन्होंने सोशल मीडिया पर मृतका की तस्वीर साझा कर लोगों से ढूँढने की गुहार भी लगाई थी. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. 


मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने जब पेड़ पर फंदे से झूलता शव देखा, तब इस दुखद वारदात का खुलासा हुआ. फिलहाल, नवजात शिशु अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में भर्ती है और परिजन इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP