कोरबा: गेस्ट हाउस में जाम छलकाना वाले दो अधिकारियों का तबादला
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के कोरबा स्थित अति विशिष्ट विश्राम गृह में शराबखोरी का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. पिछले सप्ताह एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी गेस्ट हाउस के भीतर शराब का सेवन करते दिखाई दिए थे.
इस घटना पर संज्ञान लेते हुए प्रबंधन ने दो मुख्य रसायनज्ञों के स्थानांतरण के आदेश जारी कर दिए हैं.
जारी आदेश के तहत डीएसपीएम कोरबा में पदस्थ मुख्य रासायनज्ञ गोवर्धन सिदार को तत्काल प्रभाव से जांजगीर-चांपा जिले के मड़वा पावर प्लांट भेज दिया गया है, जबकि उनके स्थान पर मड़वा से मुख्य रासायनिक अधिकारी उत्तम सिंह चंद्रवंशी को कोरबा मुख्यालय बुलाया गया है.
यह पूरी कार्रवाई क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के कड़े निर्देशों के बाद अमल में लाई गई है.
वीडियो में गोवर्धन सिदार अपने कुछ परिचितों के साथ वीवीआईपी गेस्ट हाउस की मर्यादा का उल्लंघन करते हुए कैमरे में कैद हुए थे, जिसे मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए अनुशासनहीनता करार दिया था.
बिजली कंपनी के प्रबंधन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी संपत्तियों का दुरुपयोग और कार्यस्थल पर इस तरह का अमर्यादित आचरण स्वीकार्य नहीं होगा.
हालांकि, विभाग के भीतर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. जहां कुछ कर्मचारी इसे प्रशासन की सख्ती मान रहे हैं, वहीं एक धड़ा इसे महज औपचारिक प्रक्रिया बताकर दोषियों के खिलाफ विभागीय जांच और कठोर दंड की मांग कर रहा है.