कोरबा: शिक्षक दंपति के इकलौते बेटे ने की खुदकुशी
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विकास नगर में रहने वाले एक शिक्षक दंपति के 19 वर्षीय बेटे वासु सरकार ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. कुसमुंडा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुट गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक युवक ने पहले भी एक बार ऐसा आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी, हालांकि तब उसे बचा लिया गया था.
यह हृदयविदारक घटना मंगलवार दोपहर की है, जब विकास नगर बी-132 स्थित घर का दरवाजा अंदर से बंद था. कुसमुंडा और कोरबा के अलग-अलग डीएवी स्कूलों में पदस्थ शिक्षक माता-पिता जब अपनी ड्यूटी खत्म कर दोपहर में घर लौटे, तो काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई हलचल नहीं हुई.
अनहोनी की आशंका होने पर जब उन्होंने खिड़की से भीतर झांका, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उनका इकलौता बेटा कमरे में पंखे के फंदे से झूल रहा था.
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने तुरंत दरवाजा तोड़ा और फंदे से उतारकर वासु को आनन-फानन में विकास नगर स्थित एसईसीएल के विभागीय अस्पताल पहुंचाया. मगर अफसोस, वहां के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस त्रासदी की खबर फैलते ही कॉलोनी और दोनों स्कूलों के शैक्षणिक स्टाफ में गहरा शोक छा गया.
भारी संख्या में शिक्षक और प्राचार्य अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल माता-पिता को ढांढस बंधाया.
फिलहाल पुलिस परिजनों और वासु के दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि इस खौफनाक कदम के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाएगा.