कोरबा: खड़े ट्रेलर में जा घुसी रायपुर से अंबिकापुर जा रही यात्री बस, 2 की मौत, 6 घायल
रविवार तड़के कोरबा के तानाखार में अनूप ढाबा के पास रायपुर से अंबिकापुर जा रही यात्री बस और खड़े ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक यात्री को रायपुर रेफर किया गया है.
कोरबा । संवाददाता: नेशनल हाईवे पर रात के समय सड़क किनारे बिना किसी संकेतक, रेडियम और पार्किंग लाइट के खड़े भारी वाहनों की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है. कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तानाखार में अनूप ढाबा के पास रविवार तड़के करीब 3 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई, जहां रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई.
यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार व अफरा-तफरी मच गई.
इस दर्दनाक हादसे में 2 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. वहीं, दुर्घटना में 6 अन्य यात्री घायल हुए हैं.
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और ढाबा संचालक ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया.
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से एक व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि शेष पांच घायलों का उपचार कटघोरा सीएचसी में ही चल रहा है.
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर रास्ता साफ कराया. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस दुर्घटना के पीछे बस चालक की लापरवाही व नींद की झपकी आने के साथ-साथ सड़क किनारे बिना संकेतक के खड़े ट्रेलर को मुख्य कारण माना जा रहा है.