छत्तीसगढ़: मरवाही के पहाड़ों से निकलकर सड़कों पर आया दुर्लभ सफेद भालू, ग्रामीणों में दहशत
मरवाही वनमंडल के कुदरी और कुड़कई की पहाड़ियों में करीब एक साल से रह रहा सफेद भालू अब रिहायशी इलाकों और मुख्य रास्तों के करीब देखा जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और कौतूहल है.
पेन्ड्रा । संवाददाता: मरवाही वनमंडल के आबादी वाले इलाकों और मुख्य सड़कों के किनारे एक सफेद भालू के नजर आने से आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है. हालांकि, इस अनोखे भालू को देखकर वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में काफी कौतूहल भी देखने को मिल रहा है. हाल ही में 26 अक्टूबर की शाम को यह भालू ग्राम गिरारी में दिखाई दिया था, जिसके ठीक अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को इसे पटियाला हाउस रेस्टोरेंट के नजदीक देखा गया.
वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, यह सफेद भालू पिछले लगभग एक वर्ष से कुदरी और कुड़कई की डोंगरी में अपना ठिकाना बनाए हुए है.
इससे पहले भी इस क्षेत्र में इस तरह का भालू देखा जा चुका है. 30 जुलाई को ग्राम जमड़ीखुर्द में और करीब पांच महीने पहले ग्राम आमाडांड़ में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई थी.
यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इन सभी अलग-अलग स्थानों पर नजर आया भालू एक ही है, जो कुदरी और कुड़कई के पहाड़ी क्षेत्रों में निवास कर रहा है और अब रिहायशी इलाकों के करीब आ रहा है.