रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: अकेला हाथी बना काल, 53 वर्षीय किसान की कुचलकर हत्या

C

CG Khabar

01 अग. 2026, 02:27 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हाथी का हमला
हाथी का हमला

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा वनमंडल स्थित करतला क्षेत्र में एक लोनर हाथी के खौफनाक हमले ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. शनिवार की सुबह बड़मार गांव के रहने वाले 53 साल के किसान जगेश्वर राठिया हमेशा की तरह अपने खेतों में काम निपटाने गए थे. काम खत्म करने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी घने जंगल के रास्ते में अचानक उनका सामना इस आक्रामक हाथी से हो गया. 


विशालकाय हाथी ने किसान पर हमला बोलते हुए उन्हें अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों तले बेरहमी से कुचल दिया, जिससे किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

विज्ञापन


इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद से बड़मार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है. घटना की खबर तब सामने आई जब रास्ते से गुजर रहे अन्य ग्रामीणों ने शव को देखा और तुरंत इसकी जानकारी परिजनों समेत वन अमले को दी. सूचना पाते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.


करतला वन परिक्षेत्र के अधिकारियों के अनुसार, यह अकेला हाथी पिछले तीन-चार दिनों से बड़मार और उससे सटे इलाकों में लगातार डेरा डाले हुए हैं. हाथी की मौजूदगी को देखते हुए विभाग द्वारा पहले भी चेतावनी जारी की गई थी. 


हादसे के बाद अब पूरे इलाके में मुनादी करवाकर लोगों को अलर्ट किया जा रहा है. ग्रामीणों से सख्त हिदायत के साथ अपील की गई है कि वे शाम के समय या अकेले जंगल की तरफ बिल्कुल न जाएं और काम खत्म होते ही तुरंत सुरक्षित स्थानों पर लौट आएं.


फिलहाल, वन विभाग की टीम हाथी की लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसे रिहाइशी इलाकों से दूर घने जंगलों की ओर खदेड़ने के प्रयास जारी हैं. वन अमले ने मृतक के परिवार का बयान दर्ज कर लिया है और नियमों के तहत परिजनों को तत्काल राहत राशि मुहैया कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 


वहीं दूसरी ओर, लगातार बढ़ते इस खतरे को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए ताकि किसान खेतों में निडर होकर काम कर सकें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP