कोरबा: छात्राओं से मालिश और काम कराने वाली छात्रावास अधीक्षिका निलंबित
कोरबा । संवाददाता: छात्राओं से मालिश कराने, घरेलू काम करवाने और भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा स्थित 100 सीटर कन्या छात्रावास की अधीक्षिका शारदा नेताम को जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
यह आदेश बिलासपुर संभाग के शिक्षा संयुक्त संचालक द्वारा जारी किया गया है. निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पोड़ी उपरोड़ा तय किया गया है.
दरअसल, यह पूरा विवाद 6 अगस्त 2026 को उस वक्त गहरा गया था जब परेशान छात्राओं ने अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था. छात्राओं का आरोप था कि अधीक्षिका उनसे निजी काम और मालिश करवाती हैं, साथ ही उनके साथ अभद्र बर्ताव भी किया जाता है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने तीन वरिष्ठ प्राचार्यों की एक जांच समिति गठित की थी.
जांच समिति ने छात्रावास का दौरा कर छात्राओं के बयान दर्ज किए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. जांच में अधीक्षिका का व्यवहार अनुचित पाया गया. इसके अलावा, मेन्यू के अनुसार खाना न देने, भोजन का स्तर खराब होने और देर रात तक परिसर में पूजा-पाठ व घंटी बजाने से छात्राओं की पढ़ाई व नींद प्रभावित होने के आरोप भी सही पाए गए.
जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा के प्रस्ताव और जांच रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त संचालक ने इसे गंभीर कदाचरण माना और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत निलंबन की कार्रवाई की.
गौरतलब है कि शारदा नेताम मूल रूप से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलडीहा में सहायक शिक्षक (एलबी) के पद पर कार्यरत हैं और प्रतिनियुक्ति पर इस कन्या छात्रावास का प्रभार संभाल रही थीं. निलंबन के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.