कोरबा: भारी वाहन की चपेट में आने से डंपर चालक की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल की कुसमुंडा कोयला खदान में देर रात रोड सेल क्षेत्र में लोडिंग के दौरान एक डंपर चालक गंभीर हादसे का शिकार हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद से ही खदान परिसर में तनाव का माहौल है और साथी कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. गुस्साए कर्मचारी मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और सुरक्षा मानकों की जांच की मांग कर रहे हैं.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा कुसमुंडा खदान के रोड सेल क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब वहां वाहनों में लोडिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान 29 वर्षीय चालक प्रेमसिंह ल. ध्रुव एक भारी वाहन की चपेट में आ गए.
हादसे के बाद वहां हड़कंप मच गया और गंभीर रूप से घायल प्रेमसिंह को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक मूल रूप से मध्य प्रदेश के बिंझरा इलाके के रहने वाले थे और यहां खदान में ड्राइवर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे.
इस भीषण दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मृतक चालक के परिजन मध्य प्रदेश से तत्काल कोरबा पहुंचे. प्रेमसिंह के बड़े भाई बलिराम ने बताया कि उन्हें पुलिस के माध्यम से फोन पर केवल दुर्घटना होने की सूचना मिली थी, लेकिन यहां पहुंचने के बाद उन्हें भाई की मौत की खबर मिली.
उन्होंने कहा कि वे अभी भी इस बात से अनजान हैं कि यह हादसा किन परिस्थितियों में और किसकी लापरवाही की वजह से हुआ.
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज के मरचुरी में रखवा दिया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस घटना के पीछे क्या कारण थे.