कोरबा: हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर बहा
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में उरगा थाना क्षेत्र स्थित कुदुरमाल के हसदेव नदी एनीकट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया. 15 वर्षीय सूरज महंत (पिता सुरेश महंत) सुबह करीब 7 बजे नदी में नहाने गया था, तभी अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में बह गया.
वहां मौजूद लोगों ने उसे बहते देख तुरंत शोर मचाया और ग्रामीणों को सतर्क किया, जिसके बाद परिजनों तथा स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.
सूचना पाते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत नगर सेना की रेस्क्यू टीम को बुलवाया. फिलहाल नगर सेना के गोताखोरों द्वारा नदी के विभिन्न हिस्सों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
हालांकि, लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और पानी का वेग अत्यधिक तेज होने की वजह से गोताखोरों को तलाश में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आशंका जताई जा रही है कि तेज धार के कारण किशोर काफी आगे निकल गया होगा.
जिले में हो रही तेज बारिश के कारण कई नदी-नाले इस समय उफान पर हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है. घटना के बाद से ही एनीकट पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रशासन ने बिगड़ते मौसम और नदियों के जलस्तर को देखते हुए आम जनता, विशेषकर बच्चों से अपील की है कि वे जलभराव और तेज बहाव वाले इलाकों से दूरी बनाकर रखें. पुलिस और राहत दल अभी भी मौके पर डटे हुए हैं और तलाश जारी है.