कोरबा: दोस्तों संग पिकनिक मनाने गया 15 साल का मासूम डूबा
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सुमेधा डैम में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर गहरे पानी में समा गया. घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलने के बाद शुरू हुए सर्च ऑपरेशन में शनिवार सुबह गोताखोरों और पुलिस टीम को किशोर का शव बरामद हुआ.
मृतक की पहचान जमनीपाली निवासी नरेश साहू (पिता फिरतुराम साहू) के रूप में की गई है. इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी से बांकी इलाके में स्थित सुमेधा डैम में चार बच्चे पिकनिक मनाने पहुंचे थे. मौज-मस्ती के दौरान चारों बच्चे डैम के पानी में उतरकर नहाने लगे.
इसी बीच नरेश साहू पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण गहरे गड्ढे में फिसल गया. नरेश को डूबता देख साथ मौजूद अन्य तीन दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर वे किसी तरह बाहर निकले और तुरंत परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, परिजन और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. शुक्रवार रात अंधेरे और पानी की गहराई अधिक होने की वजह से तलाशी अभियान में काफी कठिनाई आई, जिसके चलते रात में सफलता नहीं मिल सकी. शनिवार सुबह दोबारा गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, तब जाकर नरेश का पार्थिव शरीर पानी से बाहर निकाला जा सका.