कोंडागांव: किसान ने कीटनाशक पीकर दी जान
कोंडागांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में फरसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भानपुरी में एक बुजुर्ग किसान ने कीटनाशक पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किसान की पहचान 65 वर्षीय केशव हलधर के रूप में हुई है, जो जुगानी कैंप के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि बीती 7 जून को केशव अपने खेत में मजदूरों के साथ मक्के की फसल के अवशेषों की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान फसल के अवशेषों को जलाते समय आग अचानक अनियंत्रित हो गई और पड़ोसी किसान के खेत तक फैल गई.
इस भीषण आग की चपेट में आने से पड़ोसी किसान की मक्के की खड़ी फसल और ड्रिप पाइपलाइन पूरी तरह जलकर खाक हो गई. हालांकि, मजदूरों और किसान ने मिलकर आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था.
परिजनों के मुताबिक, इस घटना के बाद नुकसान के मुआवजे और भरपाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति भी बन गई थी. इसके बावजूद, अपनी वजह से हुए इस भारी नुकसान के कारण केशव हलधर मानसिक रूप से काफी तनाव और परेशानी में थे.
इसी मानसिक तनाव के चलते 8 जून की सुबह वे अकेले खेत की तरफ निकले थे, जिसके बाद भानपुरी के जंगलों में उनका शव बरामद हुआ. शव के पास से कीटनाशक का डिब्बा भी मिला है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या की है.
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फरसगांव पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा.
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि फसल के नुकसान और उससे उपजे भारी मानसिक तनाव के कारण ही किसान ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.