केरल में CPIM के तीन बार के MLA ने BJP की सदस्यता ली
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: केरल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वामपंथी खेमे को एक बड़ा झटका लगा है. इडुक्की जिले के कद्दावर नेता और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) के पूर्व विधायक एस. राजेंद्रन रविवार, 18 जनवरी 2026 को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए.
तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. राजेंद्रन 2006, 2011 और 2016 में इडुक्की की देवीकुलम निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं. उनके साथ ही भाकपा (CPI) नेता गुरुनाथन और CPIM सदस्य संतोष ने भी भाजपा का दामन थाम लिया.
राजेंद्रन का बीजेपी में जाना इडुक्की के Plantation Sector (बागान क्षेत्र) और तमिल भाषी अल्पसंख्यक आबादी के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत कर सकता है.
गौरतलब है कि 2022 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के बाद CPIM ने उन्हें एक साल के लिए निलंबित कर दिया था, जिसके बाद से ही उनके और पार्टी के बीच दूरियां बढ़ गई थीं.
इस अवसर पर राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा आगामी 90 दिनों में 'विकसित केरल, विश्वास की रक्षा और सुरक्षित केरल' के संकल्प के साथ चुनावी अभियान चलाएगी.
भाजपा ने यह भी घोषणा की है कि 8 फरवरी को मुन्नार में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों अन्य लोग पार्टी की सदस्यता लेंगे.