केजरीवाल ने PM मोदी से कहा– विदेशी वस्तुएं छोड़कर स्वदेशी अपनाएं
नई दिल्ली । डेस्क: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल की अपील को खुद उदाहरण बनकर साबित करें. केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री से केवल प्रवचन नहीं बल्कि ठोस कार्रवाई की उम्मीद करती है.
एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए केजरीवाल ने लिखा– “प्रधानमंत्री जी, आप चाहते हैं कि लोग स्वदेशी अपनाएं. इसकी शुरुआत आप खुद से करें. जिस विदेशी विमान से आप रोज़ सफर करते हैं, उसे छोड़ दीजिए. दिनभर जिन विदेशी विलासिताओं का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें त्याग दीजिए.”
उन्होंने आगे सवाल उठाया, “आप अमेरिका की चार कंपनियों को क्यों नहीं बंद करते? ट्रंप रोज़ भारत और भारतीयों का अपमान करते हैं. आप कार्रवाई क्यों नहीं करते? जनता अपने प्रधानमंत्री से केवल प्रवचन नहीं, बल्कि ठोस कदम चाहती है.”
इसी बीच, आप के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने भी पीएम मोदी की अपील की आलोचना की.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद अनेक विदेशी वस्तुओं का उपयोग करते हैं.
सिंह ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री का स्वदेशी का संदेश तभी सार्थक होगा, जब वे व्यक्तिगत रूप से विदेशी सामान छोड़कर देश के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें.