LPG किल्लत पर केजरीवाल ने पीएम की विदेश नीति को ठहराया जिम्मेदार
नई दिल्ली । डेस्क: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में एलपीजी की भारी किल्लत और गहराते बिजली संकट को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि देश में पैदा हुए ऊर्जा संकट के कारण लगभग 1 करोड़ लोग बेरोजगार हो सकते हैं.
उन्होंने मौजूदा स्थिति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत की दशकों पुरानी 'गुट-निरपेक्ष' विदेश नीति को दरकिनार करने और इजरायल व अमेरिका का पक्ष लेने को जिम्मेदार ठहराया है.
केजरीवाल ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का 90 प्रतिशत एलपीजी 'हॉर्मुज जलडमरूमध्य' के रास्ते आयात करता है, जो फिलहाल बाधित है.
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली-एनसीआर और बिहार जैसे राज्यों में होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं.
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध से ठीक पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का समर्थन करके भारत ने ईरान को अपना 'दुश्मन' बना लिया है, जिससे देश की आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है.