रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कांकेर: मलेरिया का प्रकोप, दो छात्रों की मौत, 11 बच्चे मिले पॉजिटिव

C

CG Khabar

27 जुल. 2026, 01:04 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

मलेरिया
मलेरिया

कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मलेरिया का संक्रमण तेजी से फैलने से हड़कंप मच गया है. जिले के सरकारी छात्रावासों में दो मासूम छात्रों की मौत के बाद स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. इस समय प्रभावित इलाकों और छात्रावासों में विशेष जांच अभियान चलाकर संदिग्ध मरीजों की पहचान की जा रही है, ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके.


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर के अनुसार जिले में अचानक मलेरिया का आउटब्रेक दर्ज किया गया है. 

विज्ञापन


वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने जानकारी दी कि 22 जुलाई को सभी छात्रावासों में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया था, तब स्थिति सामान्य थी. हालांकि 24 जुलाई के बाद से मामलों में अचानक वृद्धि दर्ज की गई.


ताजा स्थिति की बात करें तो मर्दापोटी और इरादाह छात्रावासों में कुल 11 छात्र मलेरिया से संक्रमित पाए गए हैं. डोमाहर्रा की रहने वाली नौ वर्षीय करीना विश्वकर्मा की तेज बुखार के कारण 25 जुलाई को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी दो अन्य बहनों का उपचार जारी है. 


इसके अतिरिक्त मर्दापोटी छात्रावास के नौ वर्षीय छात्र सुभाष कुमेटी की स्थिति बिगड़ने पर उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों और छात्रावासों में शिविर लगाकर लगातार मरीजों का परीक्षण कर रही हैं तथा दवाइयों का वितरण किया जा रहा है. अधिकारियों द्वारा सभी हॉस्टलों में निगरानी कड़ी कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP