कांकेर सांसद के फिर बिगड़े बोल, टीआई को कहा-बदतमीज
छत्तीसगढ़ के कांकेर सांसद के फिर बिगड़े बोल, टीआई को कहा-बदतमीज
कांकेर | संवाददाताः कांकेर सांसद भोजराज नाग एक बार फिर अपने गुस्से को लेकर सुर्खियों में हैं.
सांसद नाग रविवार रात को करीब एक घंटे तक जाम में फंस गए. इससे वे काफी नाराज हो गए और टीआई पर बीच सड़क भड़क गए.
टीआई को खरी खोटी सुनाने के बाद उसकी शिकायत करने थाने पहुंच गए और थाना प्रभारी पर भी भड़क गए.
इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है. जाम में कई वाहन फंसे हुए थे.
बताया गया कि कांकेर सांसद भोजराज नाग रविवार को कार में अंतागढ़ से भानुप्रतापपुर जा रहे थे.
इस दौरान भानुप्रतापपुर में जाम लगा हुआ था. उसी जाम में सांसद की गाड़ी भी फंस गई.
करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहने से सांसद का गुस्सा फूट पड़ा.
उन्होंने भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी को मौके पर आने कहा, लेकिन थाना प्रभारी को मौके पर पहुंचने में विलंब हो गया.
इस बीच टीआई मौके पर पहुंचे तो सांसद ने क्लास लगा दी.
टीआई को खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि वीआईपी गाड़ी को 1 घंटे से खड़े कर मजाक बना दिए हो.
ये क्या नाटक चल रहा है. यहां खड़े होकर सिर्फ वसूली करते हो. तमाशा बनाकर रखे हो बदतमीज कहीं के. ऐसी टीआई गिरी करोगे.
इसके बाद सांसद शिकायत करने थाने पहुंच गए और थाना प्रभारी के खिलाफ शिकयात दर्ज कराई.
वहां भी सांसद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के सामने थाना प्रभारी को सुनाते रहे.
इस संबंध में सांसद भोजराज नाग का कहना है कि मुझे जेड प्लस सुरक्षा दी गई है. पुलिस को पहले से गुजरने की जानकारी दी थी.
इसके बावजूद पुलिस ने सड़क से जाम को हटाने कोई कार्रवाई नहीं की. यह सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस विभाग की बड़ी चूक है.
इसकी शिकायत मैंने गृह सचिव को पत्र लिख कर की है. पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की है.
नाग अपनी बदजुबानी के लिए चर्चित हैं. इससे पहले भी गाली-गलौज के उनके क्लिप वायरल हो चुके हैं.