झीरम घाटी हमला: भूपेश बघेल का जेपी नड्डा पर पलटवार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर 2013 के झीरम घाटी नक्सल हमले के शहीदों के अपमान का आरोप लगाया है. जांजगीर-चांपा में एक कार्यक्रम के दौरान नड्डा द्वारा कांग्रेस के ही कुछ लोगों की संलिप्तता के दावों को बघेल ने सिरे से खारिज करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया.
बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए केंद्र सरकार और भाजपा से सवाल किया कि जब कांग्रेस सरकार इस जघन्य हमले की साजिश की गहराई से जांच कराना चाहती थी, तब भाजपा ने अदालतों के जरिए जांच को क्यों रुकवाया?
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी नड्डा के पास यदि अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत हैं, तो एनआईए को उनसे पूछताछ करनी चाहिए.
बघेल ने पिछली रमन सिंह सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के 15 साल के शासन में नक्सलवाद फला-फूला, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में बनाई गई रणनीतियों से नक्सली गतिविधियों में कमी आई थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कभी नहीं चाहती थी कि झीरम घाटी हमले के पीछे के असली साजिशकर्ताओं के चेहरे बेनकाब हों.
गौरतलब है कि 25 मई 2013 को हुए इस हमले में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सहित 32 लोग मारे गए थे, जिसकी जांच और न्यायिक रिपोर्ट को लेकर प्रदेश में लंबे समय से राजनीतिक रस्साकशी जारी है.