झीरम हत्याकांड: कांग्रेस को सरेंडर माओवादियों से पूछताछ करने दे- दीपक बैज
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झीरम घाटी हमले की सच्चाई सामने लाने के लिए बड़ी मांग रखी है. बैज ने कहा कि चूंकि हाल के महीनों में बड़ी संख्या में माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, इसलिए सरकार को उन कैडरों से पूछताछ कर झीरम घाटी हत्याकांड की साजिश का खुलासा करना चाहिए.
उन्होंने प्रस्ताव दिया कि यह प्रक्रिया पारदर्शी और सार्वजनिक होनी चाहिए. बैज ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि सरकार ऐसा करने में असमर्थ है, तो कांग्रेस को उन सरेंडर कर चुके माओवादियों से पूछताछ करने की अनुमति दी जानी चाहिए ताकि इस मामले में पूरी स्पष्टता आ सके.
दीपक बैज ने, जेपी नड्डा के उन दावों को 'तथ्यात्मक रूप से गलत' और 'संवेदनहीन' करार दिया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर ही अपने सहयोगियों की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था.
बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि 2013 में जब यह घटना हुई, तब राज्य में भाजपा की सरकार थी और वह सुरक्षा चेतावनियों पर कार्रवाई करने में विफल रही थी.
उन्होंने भाजपा पर इस दुखद घटना का राजनीतिकरण करने और अपनी जिम्मेदारी से भागने का आरोप लगाया.
यह राजनीतिक विवाद तब शुरू हुआ जब जेपी नड्डा ने जांजगीर-चांपा में 'जनादेश पर्व' के दौरान आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेताओं की आवाजाही की सूचना पार्टी के अंदर से ही लीक हुई थी.