झारखंड: दुष्कर्म के आरोपी को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला
चक्रधरपुर । डेस्क: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में दुष्कर्म के एक 56 वर्षीय आरोपी की भीड़ द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने दुष्कर्म के आरोपी वृद्ध को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गाँव में घुमाया और फिर लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला.
मिली जानाकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने 56 वर्षीय व्यक्ति पर इलाके की एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. आरोप के बाद शुक्रवार रात उत्तेजित भीड़ ने आरोपी के घर के बाहर धावा बोल दिया.
स्थानीय थाने के एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को कहा, "ग्रामीणों ने वृद्ध को पूरे इलाके में घुमाया, फिर एक कमरे में बंद कर दिया. उसे लाठियों से बुरी तरह पीटा गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई."
दो महिलाएँ हिरासत में, दोनों पक्षों से शिकायत दर्ज
पुलिस ने शनिवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया. चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिवम प्रकाश ने बताया कि इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
एसडीपीओ ने यह भी बताया कि इस घटना में दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई हैं. मृतक के परिवार ने हत्या का मामला दर्ज कराया है, वहीं मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती के परिवार ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस दोनों मामलों की जाँच कर रही है.