झारखंड: अमावस्या की रात सिद्धियां पाने के लिए 8 साल की बच्ची की बलि, चाची समेत 3 गिरफ्तार
झारखंड के चतरा जिले में अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के चलते आठ वर्षीय बच्ची की हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में बच्ची की चाची समेत तीन रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है और तंत्र-मंत्र की सामग्री बरामद की है.
रांची । डेस्क: झारखंड के चतरा जिले में काली पूजा के अवसर पर कथित तौर पर नरबलि की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें आठ वर्षीय एक बच्ची की उसके ही रिश्तेदारों ने हत्या कर दी. पुलिस ने शनिवार को इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेश नैथानी ने बताया कि बच्ची 8 नवंबर से लापता थी. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो बच्ची की मां ने 11 नवंबर को प्रतापपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद 13 नवंबर को बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर दूर धान के एक खेत से बरामद किया गया.
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि अंधविश्वास के चलते मासूम की हत्या की गई है. बच्ची की चाची कथित तौर पर घर में जादू-टोना और तंत्र-मंत्र करती थी. उसने अपने जेठ और भतीजे के साथ मिलकर आध्यात्मिक शक्तियां हासिल करने के उद्देश्य से अमावस्या की रात बच्ची की बलि दे दी. इसके अलावा आरोपियों की पीड़ित परिवार से पुरानी रंजिश भी थी.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के घर से खून से सनी हंसिया, एक करनी, लोहे की छेनी, टूटी हुई लाल चूड़ियां, पलाश के पेड़ के खून से सने पत्ते और बच्ची के कपड़े बरामद किए गए हैं. इसके साथ ही अनुष्ठान में इस्तेमाल किए गए सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी भी जब्त की गई है.
एसपी ने आगे बताया कि वारदात को यौन हिंसा का रूप देने के लिए आरोपियों ने बच्ची के निजी अंगों पर बांस की छड़ी से हमला भी किया था.
अनुष्ठान के तहत बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में शव को धान के खेत में फेंक दिया गया. पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. अब पुलिस बिहार के उस मौलवी की तलाश कर रही है, जिसने आरोपियों को तंत्र-मंत्र का प्रशिक्षण दिया था.