रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: जादू-टोने के शक में विधवा महिला की बेरहमी से हत्या

C

CG Khabar

15 जुल. 2026, 03:37 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सुखसिंह राठौर
सुखसिंह राठौर

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोना (टोनही) के झूठे संदेह में एक व्यक्ति ने अपनी ही रिश्ते की विधवा बहू को मौत के घाट उतार दिया. यह सनसनीखेज वारदात पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डूंगरजोर गांव की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को उसके घर से ही दबोच लिया है.


पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खूनी संघर्ष सोमवार की सुबह उस वक्त शुरू हुआ जब डूंगरजोर का रहने वाला सुखसिंह राठौर अपने पड़ोस में रहने वाली रिश्ते की बहू नवीना राठौर के घर आ धमका. सुखसिंह ने नवीना पर अंधविश्वास के तहत जादू-टोना करने का आरोप मढ़ दिया. 

विज्ञापन


उसका दावा था कि नवीना के टोटके की वजह से ही उसके परिवार के सदस्यों की जान जा रही है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुखसिंह ने अपना आपा खो दिया और पास में पड़े एक भारी डंडे से नवीना पर हमला कर दिया. 


आरोपी ने महिला के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे अत्यधिक चोट आने के कारण नवीना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.


हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से भागने के बजाय अपने ही घर में जाकर छिप गया था. स्थानीय लोगों की सूचना पर पत्थलगांव पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया. 


पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर घर में दुबके आरोपी सुखसिंह राठौर को गिरफ्तार कर लिया.


स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी सुखसिंह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था क्योंकि हाल ही के दिनों में उसकी मां, भाई और नाती की बीमारी के चलते मौत हो गई थी. इन मौतों का सदमा झेल रहा सुखसिंह इसके लिए पूरी तरह से नवीना को जिम्मेदार मान रहा था. 


वह अक्सर नवीना पर 'टोनही' होने का आरोप लगाकर लड़ाई-झगड़ा किया करता था, जिसका अंत आखिरकार इस भयानक हत्याकांड के रूप में हुआ. पुलिस ने आरोपी सुखसिंह राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP