जशपुर: महिला से झांसा और नाबालिग का शोषण करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
जशपुर । संवाददाता: जशपुर जिले में महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है. कुनकुरी और तपकरा थाना क्षेत्रों में दर्ज इन मामलों के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है. एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर पुलिस बेहद गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
पहले मामले में, तपकरा थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी को मेला घुमाने के बहाने आदर्श भगत (19) अपनी बाइक से ले गया था. आरोपी ने विवाह का झांसा देकर नाबालिग को तीन दिनों तक अपने घर में रखा और उसका दैहिक शोषण किया.
परिजनों द्वारा 29 जुलाई को दर्ज कराई गई गुमशुदगी के बाद बालिका जब 1 अगस्त को घर लौटी, तब पूरी घटना सामने आई. पीड़िता के बयान के आधार पर तपकरा पुलिस ने आरोपी आदर्श भगत के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया तथा घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो बाइक को जब्त कर लिया.
वहीं दूसरा मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है, जहां 27 वर्षीय एक विधवा महिला ने आरोपी सत्यनारायण राम (30) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2021 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी पहचान आरोपी से हुई थी.
जिसके बाद शादी का वादा कर आरोपी वर्ष 2024 से उसका शारीरिक शोषण करता रहा. इस दौरान पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया.
महिला की तहरीर पर कुनकुरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया और जांच के बाद आरोपी सत्यनारायण को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.